जलालाबाद। कोटे का सरकारी खाद्यान्न हस्तांतरित न कर उसकी कालाबाजारी करने के आरोप में पूर्व महिला कोटेदार समेत उसके सहायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
पूर्ति निरीक्षक रामनरेश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत गुनारा का कोटा याकूबपुर ग्राम पंचायत की गौरी स्वयं सहायता समूह की संचालिका व कोटेदार रूबी देबी के यहां संचालित था। 15 सितंबर को गांव गुनारा में हिना पत्नी रिजवान के नाम से नए कोटे का चयन हो गया। आरोप है कि नया कोटा चयनित हो जाने के बाद भी याकूबपुर की कोटेदार रूबी ने उसके अभिलेख व खाद्यान्न गुनारा के कोटेदार को नहीं उपलब्ध कराए। हिना ने इसकी शिकायत की। इस पर पूर्ति निरीक्षक ने रूबी को सामग्री हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। रूबी ने बताया कि वह अभिलेख लेकर कार्यालय आ रही थी लेकिन बाइक में बंधा झोला रास्ते में कहीं गिर गया जिसमें वे कागजात रखे थे। उन्होंने इसकी ऑनलाइन शिकायत की प्रति भी उपलब्ध कराई। रिपोर्ट के अनुसार जांच में पाया गया कि रूबी ने 21 क्विंटल गेहूं और 213 क्विंटल चावल की कालाबाजारी कर ली गई। डीएम की अनुमति मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक ने इस मामले में रूबी और याकूबपुर निवासी उसके सहायक वीरेंद्र कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। संवाद