शाहजहांपुर। निगोही विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार को मरम्मत कार्य के चलते पूरे दिन 20 हजार उपभोक्ता बिजली के लिए तरसते रहे। शाम चार बजे कार्य पूर्ण कर आपूर्ति देने का वादा था, लेकिन शाम साढ़े सात बजे बिजली आई। इसके चलते लोग परेशान रहे।
मंगलवार सुबह दस बजे निगोही उपकेंद्र पर 10 एमवीए के पावर ट्रांसफाॅर्मर की प्लिंथ का निर्माण, 33 केवी बीसीबी आइसोलेट, सीटी व 11 केवी बीसीबी लगाने के लिए सुबह दस बजे शटडाउन लिया गया। शटडाउन के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पंखे, कूलर, एसी समेत अन्य बिजली संचालित उपकरण ठप हो गए हैं।
निगम ने दिन में चार बजे तक कार्य पूर्ण कर आपूर्ति को बहाल करने का दावा किया था, लेकिन तय समय पर बिजली नहीं आने पर उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंच गए और नाराजगी जताई। लोगों को देखकर एसडीओ व जेई ने समझाकर आश्वस्त किया कि सबसे पहले घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को सप्लाई दी जाएगी।
ग्रामीण इलाकों को बाद में आपूर्ति शुरू करेंगे। रात करीब आठ बजे तक 11 केवी निगोही टाउन, एसपीएन फीडर, जिंदपुरा ग्रामीण, जिंदपुरा कृषि, तालगांव ग्रामीण, तालगांव कृषि, वर्ल्ड बैंक, ढकिया तिवारी, गांगेपुरा फीडर को आपूर्ति नहीं मिलने से भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। एसडीओ सत्यप्रकाश ने बताया कि काम में देरी होने के कारण उपभोक्ताओं को देरी से सप्लाई मिल सकी है।
-
तीन घंटे बंद रही आपूर्ति, लोग परेशान
-शहर के मोहल्ला खलीलशर्की में बड़ी मस्जिद के पास बिजली की पुरानी लाइन को हटाकर बंच लाइन डालने का काम किया। इसके चलते पूर्वाह्न 11 से दो बजे तक आपूर्ति बाधित रही। ककरा उपकेंद्र की लाइन पर ट्रांसफाॅर्मर के बंद होने से करीब तीन सौ घरों की आपूर्ति बाधित रही है। बिजली जाने से उपभोक्ता परेशान रहे। दूसरी ओर बहादुरगंज उपकेंद्र पर टेलीफोन एक्सचेंज के ट्रांसफॉर्मर से निकली लाइन पर फूलचंद्र पाइप वाली गली में कार्य कराया गया। इसके चलते सुबह आठ से दो बजे तक करीब दो सौ घरों की आपूर्ति बंद रही।