बुधवार को कलश यात्रा के साथ गांव जठियापुर बुजुर्ग में शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हो गया। सर्दी के बाद भी कलश यात्रा में श्रद्धालु भारी संख्या में शामिल हुए और पुण्य लाभ अर्जित किया।
गांव के पास जिंद बाबा स्थान पर बुधवार सुबह पुवायां के अलावा आसपास के गांवों के तमाम श्रद्धालु पहुंचे। यहां से महिलाएं कलश लेकर बैंड बाजे की धुन पर भजन सुनाती हुई हरेराम मंदिर पहुंची। पवित्र तालाब से जल भरने के बाद वापस यज्ञ स्थल के लिए रवाना हुई। कलश यात्रा में शामिल लोग देवताओं की जय-जयकार करते और रंग गुलाल उड़ाते चल रहे थे।
आयोजन समिति में शामिल अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि यज्ञ 14 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान रासलीला का भी आयोजन होगा। गांव जठियापुर के रमेशचंद्र मिश्रा और मुरादाबाद की पूनम शुक्ला भक्तों को रामकथा भी सुनाएंगी। 15 जनवरी को भंडारा और रात में दुर्गा जागरण आयोजित होगा। कलश यात्रा में सोनम मिश्रा, पिंकी मिश्रा, अंजलि पूनम, सुंदरी देवी, बबली, रुचि मिश्रा सरोजनी, श्रद्धा दीक्षित, हिमांशी, रीना, पल्लवी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।