फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘मरहबा या मुस्तफा’ की गूंजीं सदाएं

Mon, 05 Jan 2015 12:33 AM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा साहब की यौमे विलादत का जश्न शानो-शौकत से मनाया गया। इस अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। हरी झंडियों और झंडों से सुसज्जित चौपहिया वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर लोग ‘सरकार की आमद-मरहबा’ और ‘मरहबा या मुस्तफा’ के नारे लगाते चल रहे थे। हाथों में झंडे लहराते युवा पूरे जोश में थे। करीब चार घंटे तक शहर का एक बड़ा हिस्सा हरी चादर में लिपटे लोगों से पटा रहा। जगह-जगह लंगर तकसीम किए गए।
विज्ञापन

दावते इस्लामी की ओर से जश्न-ए-ईद मीलादुन्नबी का आगाज रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मस्जिद से किया गया। जुलूस में शामिल होने के लिए शहर के कोने-कोने से मुस्लिम रीबा मैरिज लॉन में जुटने शुरू हो गए थे। बड़ी संख्या में लोग तहसीलों और गांवों से भी आए थे। जुलूस शुरू होने से पहले रीबा मैरिज लॉन में ही जियारत कराई गई। यहां दावते इस्लामी के जिला निगरा अनीस अत्तारी ने लोगों को जुलूस के आदाब बताए। शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने कहा कि मुसलमानों के लिए आज का दिन सबसे बड़ी खुशी का है। इसलिए इस मौके को खुशी के रूप में ही मनाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया।
जैसे ही जुलूस शुरू हुआ कि ‘सरकार की आमद-मरहबा’ और ‘मरहबा या मुस्तफा’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। चारों ओर लहराते हरे झंडे और शोर के बीच जुलूस धीरे-धीरे आगे बढ़ता गया और लोग उसमें शामिल होते गए।
विज्ञापन

जगह-जगह लोगों ने फूलों की बरसा कर और चाय, बिस्कुट, हलवा, समोसा के लंगर तकसीम किए। जुलूस रेलवे स्टेशन, रोडवेज, टाउनहाल पुल, टाउनहाल हॉकी मैदान, लाल इमली चौराहा, घंटाघर होता हुआ अंटा चौराहा स्थित कटहल वाली मस्जिद पहुंचा, जहां मुल्क और कौम की दुआ के साथ इसका समापन हुआ। जुलूस देखने के लिए सड़क के दोनों ओर और दुकानों-मकानों की छतों पर हजारों लोग जमा रहे।
समापन पर फैजाने मदीना के उस्ताद मौलाना अतहर रजा अजहरी ने इल्म का महत्व समझाया और जिला निगरा अत्तारी ने शुक्रिया अदा किया। जुलूस को शांतिपूर्वक निकलवाने की व्यवस्था में चांद मियां, हनीफ खां, मुन्ने खां, शब्बीर खां, तसनीम हसन खां, फारूख अली, वसी उल्ला, डॉ. इब्राहीम, तारिक, सादिक, आफताब, अब्दुल खलीक, उसमान, शोएब खां, सुल्तान अत्तारी, मुजीब अत्तारी, शरीफ अत्तारी, फहीम अत्तारी आदि का सराहनीय योगदान रहा।



चेयरमैन ने चाय-हलवा
का लगवाया लंगर
सपा जिलाध्यक्ष एवं चेयरमैन तनवीर खां की ओर से जुलूस के दौरान टाउनहाल हॉकी क्लब के बाहर लंगर लगाया गया। इस मौके पर सपा जिला महामंत्री रणंजय सिंह यादव, टाउनहाल क्लब के सचिव हाजी अच्छू खां, पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार, नसीम खां, रानू, श्यामजी शुक्ला, रफत, आरिफ, फरमान अली, मुशीर खां, शोएब अंसारी, साजिद कुरैशी, मो. अहमद आदि ने चाय और हलवा बांटा और जुलूस की व्यवस्था में योगदान दिया। चेयरमैन अपनी टीम के साथ जुलूस के समापन तक साथ भी रहे।  


इंटक ने भी चलाया लंगर
जिला असंगठित मजदूर यूनियन (इंटक) की ओर से अशफाक नगर पुलिस चौकी के समीप लंगर लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को चाय पिलाई गई। इस मौके पर आयोजकों और व्यवस्थापकों को फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत भी किया गया। आयोजन में अध्यक्ष मो. खुर्शीद, पवन कुमार सिंह, शान मोहम्मद, रामदास पाल, आफताब अहमद, अय्यूब हसन, शांती स्वरूप शर्मा, राधेश्याम गुप्ता, मिथलेश, जगपाल, राजीव शर्मा, अजय सक्सेना, बच्चूलाल आदि शामिल रहे।



पुलिस ने भी निभाई जिम्मेदारी
जुलूस में सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। साथ ही अग्निशमन गाड़ी और बज्र वाहन भी शामिल किया गया। पुलिस और पीएसी के जवान प्रमुख चौराहों पर पर मुस्तैद रहे और व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।



जुलूस के टेंपो चौक
से निकलने पर आक्रोश
- कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला मोती चौक से ईद मीलादुन्नबी के जुलूस के चार टेंपो डीजे बजाते हुए निकल रहे थे। मोहल्ले वालों ने टेंपो को रोककर नई परंपरा शुरू करने पर एतराज जताया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। पुलिस ने टेपों चालकों को हिदायत देकर भेज दिया गया।
मौके पर जमा हुए लोगों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने बताया इससे पहले भी कुछ लोगों ने मोहल्ले से ताजिया निकालने का प्रयास किया था। इस दौरान रमेश कश्यप, रामगोपाल कटियार, विजय पुजारी, अजय आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें