तिलहर। गुरु नानक देव की जयंती के पर गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा की ओर से पंज प्यारों व गुरु ग्रंथ साहिब के अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजे के साथ शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान गतका पार्टी के कलाकारों ने तलवार, लाठी संचालन के अलावा तमाम कार्यक्रम प्रस्तुत करके धूम मचा दी।
सोमवार को नगर के मोहल्ला बहादुरगंज स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा से दोपहर करीब दो बजे से शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें गतका पार्टी के कलाकार अपने करतब दिखाते हुए चल रहे थे। गतका पार्टी के कलाकारों ने लाठी, तलवार समेत तमाम शारीरिक हैरतअंगेज प्रदर्शन करते हुए लोगों को हैरत में डाल दिया। कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा में पंज प्यारी बहनें गुरु ग्रंथ साहब को लेकर सड़कों पर झाडू से सफाई करते हुए चल रही थी। इनके पीछे पंज प्यारे हाथों में कृपाण लिए हुए शोभायमान हो रहे थे। इस दौरान श्रद्धालु महिलाएं कीर्तन करते हुए चल रही थीं। कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक आश्रम कुटिया साहिब शाहजहांपुर एवं गुरुद्वारा कमेटी की संगत ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रुप से विधायक रोशन लाल वर्मा, गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान राजेंद्र सिंह, परविंदर सिंह, सिमरजीत सिंह, कुलजीत सिंह, जयंत संगत कमेटी शाहजहांपुर के भाई जसप्रीत सिंह कोमल, साधु सिंह, परमजीत सिंह ,परमवीर सिंह, गुरुजीत सिंह ,ढाकन सिंह सहित तमाम श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में भाग लिया।