शाहजहांपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे दक्षिण-पश्चिम मानसूनी बादलों ने यूपी के पूर्वांचल समेत लखनऊ मंडल में दस्तक दे दी है। बीते दिन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर महानगर तक मानसून से पहले की बारिश और बूंदाबांदी हो चुकी है। देर रात से बादल छाए थे और शुक्रवार सुबह काले-भूरे बादलों से आसमान घिरा तो बारिश के आसार बढ़ गए। लेकिन बाद में हवा चलने से बादल हल्के पड़ने के साथ धूप निकली तो उमस भरी गर्मी पैदा होने लगी। दोपहर में तो लोग गर्मी से परेशान हो गए। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि बैरोमीटर की रीडिंग में सुबह 28 अंक के उछाल को देखते अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
शुक्रवार सुबह सात बजे तक मौसम सुहावना बना रहा क्योंकि तब तक सूरज बादलों की ओट मेें रहा। बीते दिन हुई बारिश और बूंदाबांदी के असर से आद्रता 49 से बढ़कर 86 प्रतिशत हो चुकी थी। इसलिए हवा में भी शीतलता बनी रही, लेकिन बाद मेें धूप निकलने के साथ थर्मामीटर का पारा उछलने लगा। दोपहर दो बजे के बाद गर्मी और उमस इतनी बढ़ गई कि अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 37.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सूर्यास्त से पहले दिन ढलने तक लोगों को गर्मी और उमस परेशान करती रही। इस वजह से बाजारों में दोपहर की शिफ्ट में जो दुकानें खुलीं, उन्हें ज्यादा ग्राहक भी नहीं मिले।
इधर, गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि हवा की गति में परिवर्तन से सुबह के वक्त बादल छितरा गए। बैरोमीटर की रीडिंग में सुबह से शाम तक 34 मिलीबार का उछाल आया है। इसे देखते मौसम में अगले 24 घंटे तक उतार-चढ़ाव बने रहने के साथ बारिश की पूरी संभावना है कि क्योंकि मानसूनी बादल लखनऊ में बरसने के बाद अब बरेली मंडल के मुहाने पर आ चुके है। उन्होंने कहा कि यदि शनिवार को बारिश नहीं हुई तो अगले दो-तीन दिन मौसम साफ रहेगा और मानसून की बरसात पूर्व निर्धारित तिथि 22 जून के बाद शुरू होगी।