रिलायंस पॉवर प्लांट में सोमवार की सुबह झाड़ियों को जलाने के लिए लगाई गई आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते ही आग ने कई एकड़ इलाके को चपेट में ले लिया। जिसमें प्लांट का स्क्रैप पड़ा हुआ था। करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड टीम ने आग में काबू पाया। आग बुझाने के लिए 12 दमकल की गाड़ियों और प्लांट में लगे वाटर हाईड्रेंट का प्रयोग किया गया। सुबह करीब नौ बजे प्लांट की उत्तरी दिशा में लगी झाड़ियों को जलाने के लिए प्लांट कर्मचारियों ने आग लगाई थी। हवा चलने की वजह से आग ने उग्र रूप घारण कर लिया। आग प्लांट में पड़े स्कैप में लग गई। जिसमें बिजली के तार, लकड़ी, बोरे आदि शामिल थे। आग ने कुछ ही देर में कई एकड़ों में फैल गई। प्लांट के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। प्लांट के दो फायर टेंडर और वाटर हाईड्रेंट की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग बढ़ती ही चली गई। सूचना पर सीएफओ एम सिंह, एफएसओ यदुनाथ यादव समेत फायर कर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की छह गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास करती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसी बीच केआर पेपर मिल और कृभको श्याम फर्टीलाइजर के दो-दो फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए। करीब नौ घंटे की मशक्कत के आग पर काबू पाया गया। इसके बाद भी सुलगती आग को प्लांट के कर्मी वाटर हाईड्रेंट से आग बुझाने के प्रयास में लगे हुए थे।
आग काफी भीषण थी। जिसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हवा चलने की वजह से आग उग्र हो गई और काफी क्षेत्र में फैल गई। इसे बुझाने के लिए 12 फायर टेंडर की मदद ली गई। - एमपी सिंह, सीएफओ