तिलहर क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : mathura
तिलहर। क्षेत्र के एक गांव की बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान निजी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इसे लेकर महिला के घरवालों ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
महिला के पुत्र ने बताया कि गत 20 जून को उसकी मां की तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने उन्हें निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर उपचार शुरू कराया। इस बीच डॉक्टर ने उसकी मां का ऑपरेशन किया, लेकिन ऑपरेशन सही नहीं हुआ।
इस पर डॉक्टरों ने उनका दोबारा ऑपरेशन किया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी। महिला के पुत्र का आरोप है कि तीन दिन से डॉक्टरों ने उनसे मिलने नहीं दिया। सोमवार को सुबह डॉक्टर ने मां को मृत घोषित कर दिया।
युवक ने डॉक्टरों पर मां के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
हालांकि, घरवालों ने अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन उसका कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।