शाहजहांपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या-23 लालपुर की आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ में स्थित पटेल पार्क का जीर्णोद्धार कार्य शुरू कर दिया गया। 7.78 लाख रुपये से कायाकल्प कर अप्रैल तक कार्य पूर्ण होने की संभावना जताई गई है।
पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला ने बताया कि पार्क के चारों तरफ पांच फुट ऊंची चहारदीवारी बनाई जाएगी। इसके ऊपर कांटेदार जाली भी लगेगी, जिससे कोई अराजक तत्व दीवार फांद कर अंदर न आ सके। इसके अलावा आधुनिक दरवाजा भी बनाया जाएगा। पार्क एक निश्चित समय के लिए खोला एवं बंद किया जाएगा। पार्क के अंदर बच्चों के लिए अत्याधुनिक झूलों के साथ-साथ बुजुर्गों के बैठने के लिए आरामदायक बेंच और चारों ओर विविध प्रकार की फुलवारी भी लगाई जाएगी। युवाओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम का भी निर्माण होगा। हाईटेक लाइटें भी लगवाई जाएंगी। पेयजल के लिए आरओ प्लांट भी लगवाया जाएगा।