शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के संस्थागत विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की तिथियां बढ़ा दी हैं। अब विद्यालयों में पंजीकरण शुल्क जमा कराने और विद्यार्थियों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने बताया कि कक्षा नौ व 11 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण शुल्क 50 रुपये प्रति विद्यार्थी की दर से प्राप्त कर 40 रुपये प्रति छात्र चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा।
शेष दस रुपये प्रति छात्र विद्यालय के खाते में जाएंगे। पंजीकरण शुल्क की सूचना परिषद की वेबसाइट पर 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन अपलोड विवरण की चेकलिस्ट प्राप्त कर विद्यालय प्रधान नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय और फोटो आदि की जांच एक से चार अक्तूबर तक कर सकेंगे।
जांच के दौरान किसी विवरण में संशोधन की जरूरत होने पर पांच से आठ अक्तूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक किया जा सकेगा। इस अवधि में किसी नए विद्यार्थी का विवरण अपलोड नहीं किया जाएगा।
पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोषपत्र की एक प्रति डीआईओएस कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित की गई है।