पुवायां के अजयपाल का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां के मोहल्ला कसभरा तकिया के रहने वाले अजयपाल (40) की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पिता धनीराम ने बेटे को घर से ले जाने वाले युवक पर जहर देने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती, वे पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
बाइक मैकेनिक अजयपाल की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। उनके तीन बच्चे हैं। 23 मार्च को गांव हरना का एक युवक अजय को कानपुर में नौकरी दिलाने के लिए ले गया था। 24 मार्च को परिजनों के पास कॉल आई कि अजयपाल का उन्नाव के राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वह बांगरमऊ क्षेत्र में बेहोश मिले थे।
परिजनों के कहने पर अजयपाल को निजी एंबुलेंस से लाकर शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें पुवायां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
पिता धनीराम ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र को 23 मार्च को गांव हरना का युवक अपने साथ ले गया था। हरना के युवक ने ही उनके पुत्र को जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे अजयपाल की मौत हो गई। धनीराम ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने और आरोपी पकड़े जाने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। देर रात तक शव घर पर रखा हुआ था। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनोंं की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्नाव पुलिस को जांच के लिए मामला भेजा जाएगा।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
पुवायां के अजयपाल का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन