मीरानपुर कटरा पुलिस की गिरफ्त में मादक पदार्थ के दो तस्कर। स्रोत: मीडिया सेल
- फोटो : घटना स्थल पर जांच करते एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र ।
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के हुलासनगरा ओवरब्रिज के नीचे लाल रंग के कपड़े पहने तस्कर को स्मैक पहुंचाने आए दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से 79 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में सात लाख रुपये है।
एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देश पर मीरानपुर कटरा पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। तीन जुलाई को पुलिस को मुखबिर से स्मैक तस्करी के बारे में सूचना मिली। रात करीब 9:30 बजे पुलिस ने हुलासनगरा ओवरब्रिज के आसपास घेराबंदी कर ली। पुलिस ने बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिर्धान के रहने वाले मन्नान और इमरान को गिरफ्तार कर लिया।
मन्नान के पास से 27 और इमरान के पास से 52 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मीरानपुर कटरा थाने के प्रभारी निरीक्षक जुगुल किशोर पाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि वे लोग उनके ही मोहल्ले के रहने वाले अफजल से स्मैक लेकर आए थे। उन लोगों को स्मैक हुलासनगरा पुल के पास लाल रंग के कपड़े पहने व्यक्ति को देनी थी। उससे 20 हजार रुपये लेने थे। ओवरब्रिज के पास वे लोग तस्कर का इंतजार कर रहे थे तभी पुलिस ने उन लोगों को पकड़ लिया।