खिरनीबाग स्थित ओम दिव्यांगजन कार्यालय में आयुर्वेद के बारे में बताते रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्
शाहजहांपुर। 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित आयुर्वेद दिवस सप्ताह के क्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी ने दिव्यांगजनों के बीच पहुंचकर आयुर्वेद और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। खिरनीबाग स्थित ओम दिव्यांगजन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और स्थानीय लोगों को आयुर्वेद, योग, संतुलित आहार, दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई।
रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाना है। दिव्यांगजन भी समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके स्वास्थ्य, उपचार और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डॉ. जौहरी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय के अंतर्गत संचालित 62 राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों की ओर से प्रत्येक बुधवार को पूर्व निर्धारित गांव में ‘आयुष आपके द्वार’ शिविर लगाया जाता है। शिविर में मरीजों को निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं। समिति के अध्यक्ष बाल कृष्ण पांडेय समेत समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।