फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटेदारों से होगी खाद्यान्न रिकवरी, दर्ज होगी एफआईआर

Wed, 11 May 2016 12:06 AM IST
ब्यूरो /शाहजहांपुर
विज्ञापन
कोटेदारों से होगी खाद्यान्न रिकवरी, दर्ज होगी एफआईआर
विज्ञापन
डीएम विजय किरन आनंद ने मंगलवार को शहर के मोहल्ला मेहमान शाह में चौपाल लगाकर जन समस्याओं की सुनवाई की। इस मौके पर क्षेत्र के लोगों ने पिछले कई माह से राशन की वस्तुओं का वितरण नहीं किए जाने की शिकायत की। डीएम ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आदित्य प्राकश श्रीवास्तव को जांच करने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित कोटेदारों से खाद्यान्न की रिकवरी कराए जाने के साथ उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। सुबह सात बजे डीएम के मेहमान शाह पहुंचते ही उनके आसपास नागरिक जुटने लगे। क्षेत्रवासियों से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि चौपाल लगाने का उद्देश्य यही है कि प्रशासन जनता के द्वार पर पहुंचे और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण हो। मोहल्ले वालों से डीएम को पता चला कि लगभग 12 हजार की आबादी और 40 गलियों वाले मेहमान शाह में सिर्फ सात सफाई कर्मचारी तैनात हैं। डीएम आनंद ने हर गली में कूड़ादान रखवाने और क्षेत्रवासियों को नालियों के बजाय डस्टबिन में कूड़ा डालने के निर्देश दिए। कूड़ादान नहीं रखने पर उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक और सफाई सुपरवाइजर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था की देखभाल के लिए मोहल्ले के पांच युवकों की निगरानी समिति गठित करने का निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि समिति के सदस्य सफाई के बारे में सूचनाएं देने के साथ इस काम में सहयोग भी करेंगे। मोहल्ले के कई लोगों ने डीएम को बताया कि क्षेत्र के तीनों कोटेदार लंबे समय से कार्डधारकों को राशन का वितरण नहीं कर रहे, जबकि गोदामों से खाद्यान्न का लगातार उठान कराया जा रहा है। डीएम ने इसकी जांच के लिए एसडीएम को दो दिन का समय देते हुए कहा कि शिकायतें सही मिलने पर कोटेदारों के खिलाफ उन्हें आवंटित खाद्यान्न के समतुल्य आरसी जारी कर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। पानी की टंकी के लिए डीएम ने एसडीएम समेत सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह को दो दिन में उपयुक्त जमीन खोजकर उसका जल निगम से प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम आनंद ने पॉवर कारपोरेशन के एक्सईएन विवेक पटेल को जर्जर तार बदलवाने और सभी को कनेक्शन जारी कराने के निर्देश दिए। नगरपालिका परिषद के प्रकाश प्रभारी को चौपाल से अनुपस्थित बताए जाने पर डीएम ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम मुनेंद्र नाथ उपाध्याय, नगरपालिका परिषद के ईओ आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें