शाहजहांपुर। ददरौल विधायक अरविंद सिंह की ओर से रोजा मंडी में छापा मारकर अवैध ढंग से 180 सरकारी बोरों में गेहूं खरीद पकड़े जाने के मामले में केंद्र प्रभारी (विपणन निरीक्षक) के खिलाफ निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति डीएम ने की है।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की ओर से खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त को पत्र भेजकर अवगत कराया गया कि छह अप्रैल को ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने उन्हें फोन कर सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि विपणन शाखा द्वारा संचालित गेहूं क्रय केंद्र, रोजा मंडी-4 के केंद्र प्रभारी व विपणन निरीक्षक त्रिपुरेश तिवारी अपने निर्धारित क्रय स्थल के स्थान पर आढ़त मैसर्स शिव गल्ला भंडार के फड़ के पीछे गेहूं खरीद रहे हैं। जांच के समय मौके पर 180 बोरों में गेहूं भरा हुआ पाया गया।
केंद्र प्रभारी के पर्याप्त रिक्त स्थान न होने का तर्क अधिकारियों ने खारिज कर दिया। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि त्रिपुरेश तिवारी को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की गई है। वहीं, मंगलवार को आरएफसी, एफसीआई और रोजा मंडी के क्रय केंद्र पर एक-एक ट्राॅली गेहूं की तौल की गई।