राशनकार्डधारकों की परेशानी
घूरन तलैया निवासी ओमवती ने कहा कि हमारे राशनकार्ड पर चार यूनिट चढ़े हुए थे। इसमें पति, दो बेटों के नाम शामिल थे। छह माह पहले दो बेटों के नाम काट दिए गए। अब दो यूनिट पर मिलने वाले राशन से गुजारा नहीं हो रहा है। दलेलगंज की नन्हीं वर्मा ने कहा कि कार्ड पर चार यूनिट थे। करीब एक साल पहले जब दुकान पर राशन लेने गए तो पता चला कि राशनकार्ड निरस्त कर दिया गया है, तब से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
चमकनी की आमना बेगम ने कहा कि राशनकार्ड हमारे नाम है। भाई का नाम कार्ड में चढ़वाया था। ऑनलाइन कार्ड पर नाम चढ़ गया है, लेकिन विभाग के कंप्यूटर पर नाम दिखाई नहीं दे रहा है। वर्कजई प्रीति वर्मा ने कहा कि नौ वर्ष के बेटे का छह माह पहले राशनकार्ड से नाम काट दिया गया है। विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक नाम जुड़ नहीं पाया है। अब सिर्फ दो यूनिट का राशन मिल रहा है।
मृत्यु होने पर 14 हजार यूनिट काटे गए
विभाग के अधिकारियों के केवाईसी कराए जाने के दौरान 14 हजार राशन लेने वाले लोग मृत पाए गए। उनके परिवार वालों से संपर्क किया गया। इसमें मृत्यु प्रमाणपत्र जमा कराया गया है। अभी और लोगों के भी मृत होने की संभावना है।
जिला पूर्ति अधिकारी चमन वर्मा ने कहा कि राशन कार्ड केवाईसी का कार्य चल रहा है। इसमें एक लाख यूनिट आधार कार्ड में कमी की वजह से फंसे हुए हैं। 50 हजार लोग ऐसे हैं, जिनके तकनीकी कारणों की वजह से नाम कट गए हैं।