बंडा में दुष्कर्म के मुकदमे में राजीनामे का दबाव बनाने को टॉवर पर चढ़ा युवक। संवाद
बंडा (शाहजहांपुर)। दुष्कर्म के मुकदमे में राजीनामे का दबाव बनाने के लिए युवक बृहस्पतिवार शाम थाने से चंद कदम दूर खेत में लगे करीब 200 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्राम प्रधान ने मुकदमे में राजीनामा कराने का आश्वासन दिया, तब युवक शाम साढ़े छह बजे नीचे उतरा।
एक गांव निवासी अनूप पर एक किशोरी ने करीब आठ माह पूर्व दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो माह पहले वह जेल से जमानत पर छूटा था। एक माह पूर्व उसने कथित प्रेमिका के लिए जहर पीने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। मेटा से मिली सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे वह टावर पर चढ़ गया। थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरवाने का प्रयास किया। इस बीच पहुंचे ग्राम प्रधान ने मुकदमे में राजीनामा करवाने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतरा। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है।