भट्ठा व्यवसायी रानू की सड़क दुर्घटना में मौत
नगर के प्रतिष्ठित युवा ईंट भट्ठा व्यवसायी करीब 30 वर्षीय रानू गुप्ता की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद कस्बे का ही एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। सूचना पाकर घरवाले घटनास्थल को रवाना हो गए। इस हादसे की खबर मिलते ही लोगों में शोक की लहर दौड़ गई और तमाम व्यापारी, सामाजिक तथा राजनैतिक संगठनों से जुड़े लोग उनके घर पर जा पहुंचे।
बरेली रोड निवासी तथा चंद्रा ब्रिक फील्ड के स्वामी उक्त रानू गुप्ता सुबह करीब आठ बजे किसी काम से अपनी कार लेकर कानपुर को रवाना हुए उनके साथ मोहल्ला अंबेडकरनगर का प्रमोद शर्मा भी था। बताते हैं कि करीब साढ़े दस बजे जब वे लोग जनपद उन्नाव के बांगरमऊ के पास थे इस दौरान रोड पर स्थित एक पुलिया से पहले काफी ऊंचा स्पीड ब्रेकर बना हुआ था, जिसे वह जब तक देख पाते उनकी कार उक्त ठोकर से टकराकर काफी ऊंचाई तक उछलने के बाद पलटा खाती हुई खाई में जाकर गिरी। इस हादसे में रानू की मौत हो गई जबकि प्रमोद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने इसकी इत्तिला यहां भिजवाई। इसके बाद घरवालों में हाहाकार मच गया। मृतक के घर में पत्नी के अलावा एक आठ दस साल का बेटा है।