करवाचौथ की तैयारियों से बाजार में रही रौनक
शाहजहांपुर। दीपावली से पहले मनाए जाने वाले सुहागिनों के प्रमुख त्योहार करवाचौथ की रौनक शनिवार को बाजार में खूब दिखाई दी। खासतौर पर नव विवाहिताओं ने अपने पहले उपवास को लेकर जमकर तैयारी की। बाजार में जहां पूजा से संबंधित च्यूड़ा, पूजन कैलेंडर, मिष्ठान, सींकों आदि की बिक्री हुई, वहीं मिट्टी, पीतल, गिलट, स्टील आदि के करवा भी खूब बिके। ब्यूटी पार्लर से लेकर बाजार में जगह-जगह मेहंदी लगवाने के लिए भी महिलाएं व्याकुल दिखाई दीं और अपनी बारी का इंतजार करते देखी गईं। सर्राफा बाजार भी काफी गरम रहा। सुहागिनों ने त्योहार को देखते हुए चांदी पायलें, बिछुए आदि की खरीद की। श्रृंगार सामग्री की दुकानें भी फुल रहीं।