निगोही। कस्बा निवासी एक सराफा व्यापारी को रामपुर की पुलिस संदेह के आधार पर उठा ले गई। वहीं व्यापारी के पिता ने मुख्यमंत्री के 1076 नंबर पर सूचना दर्ज कराई कि कुछ लोग उनके बेटे का अपहरण कर नकदी और सोने के जेवर भी ले गए।
कस्बा निवासी एक सराफा व्यापारी की दुकान पर दो लग्जरी गाडिय़ों से लगभग दस लोग अचानक पहुंच गए और दुकान में घुसते ही व्यापारी को दबोच लिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते इतने में उन्हें उन लोगों ने एक गाड़ी में डाल लिया और साथ लेकर चले गए। इसके बाद सराफा कारोबारियों में खलबली मच गई। व्यापारी के पिता ने थाने पहुंचकर मामले में आरोप लगाया कि उनके बेटे का कुछ लोग दिनदहाड़े अपहरण कर ले गए हैं और दुकान में रखे 25 तोला सोने के जेवर, 25 हजार की नकदी ले गए और छोडने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की है। पुलिस ने व्यापारी के पिता की तहरीर को तबज्जो नहीं दी। इसके बाद व्यापारी पिता ने मुख्यमंत्री के 1076 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि करीब चार माह पहले भी रामपुर की पुलिस टीम कस्बे के कुछ व्यापारियों को पकड़कर ले गई थी। वहीं थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि रामपुर पुलिस टीम के साथ इनायतपुर का मुल्जिम भी साथ में था। जिसने सराफा व्यापारी को माल बेचा था। व्यापारी के पिता को जानकारी दे दी गई है।