शाहजहांपुर। नगर रामलीला के अंतर्गत रविवार को भव्य राजगद्दी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ खिरनीबाग रामलीला मैदान से देर शाम हुआ। यहां प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मेला व्यवस्थापकों के साथ भगवान राम की आरती कर उनका रथ खींचा। बैंडबाजों, डीजे, आकर्षक झांकियों और हाथी-घोड़ों के साथ निकाल रही राजगद्दी शोभायात्रा देखने के लिए सुदूर क्षेत्रों से महिलाएं, पुरुष, बच्चे उमड़ रहे हैं। सुबह सात बजे चौक में भरत मिलाप होगा।
रामलीला की पूर्णाहुति के रूप में भगवान श्रीराम की राजगद्दी शोभायात्रा देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। रामजी की सवारी धीरे-धीरे चौक की ओर प्रस्थान कर चुकी है। भारी पुलिसबल की निगरानी में निकल रही राजगद्दी शोभायात्रा में श्री गणेश जी, मां दुर्गा, मां काली, मां सरस्वती, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, हनुमान जी, विष्णु-लक्ष्मी, केवट के साथ वनवासी राम, चारों भाइयों को झूला झुलाती माताएं, माता-पिता संग श्रवण कुमार, मां सरस्वती आदि की एक दर्जन से अधिक झांकियां रथों और ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सजाई गई हैं। राजगद्दी शोभायात्रा सदर बाजार, टाउनहाल, निशात सिनेमा, पंखी चौराहा, बहादुरगंज, घंटाघर, कच्चाकटरा मोड़ होते हुए सुबह तड़के चौक पहुंचेगी।
चौक में लाला काशीनाथ कोठी पर सभी देव स्वरूप विश्राम करेंगे और इसके बाद सुबह लगभग सात बजे परंपरागत ढंग नंगूलाल मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर भरत मिलाप होगा। राजगद्दी शोभायात्रा की व्यवस्था में अध्यक्ष निर्भय चंद्र सेठ, वीरेंद्र पाल यादव, राज कुमार अग्रवाल, नरेंद्र गुरू, कृष्ण मोहन शर्मा, विनोद अग्रवाल, दयाशंकर शर्मा आदि जुटे हुए हैं।