रामगंगा और बहगुल नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटवर्ती गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। शुक्रवार सुबह अल्हागंज के डबरी घाट पर रामगंगा का जलस्तर बृहस्पतिवार के मुकाबले करीब 20 सेंटीमीटर बढ़कर खतरे के निशान से 76 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। इससे क्षेत्र के करीब तीन दर्जन गांव प्रभावित हैं। कई गांवों में लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया है, जबकि गलियों और रास्तों पर घुटनों तक पानी भरा है।
कसारी कलां, कसारी खुर्द, कुंडरी, मंझरा, उइला और थाथरमई समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है। पानी नगर के पास याकूबपुर तिराहे तक पहुंच गया है। घरों में पानी भरने से लोगों के सामने खाने-पीने, सोने-बैठने और आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। कई परिवार गांव के बाहर सड़क किनारे पन्नी तानकर रहने को मजबूर हैं।