पुवायां। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव अनावां के रामबहादुर उर्फ शेरू की मौत गला दबाने के कारण हुई है। रामबहादुर की पत्नी ने अपने देवर विजय पर शराब पीने के दौरान विवाद होने पर धक्का देने से पति के घायल होने और इलाज के लिए ले जाते समय मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी विजय घरेलू कलह के चलते बड़े भाई रामबहादुर की गला दबाकर हत्या कर देने की बात कह रहा था। विजय की बात सही निकलने के बाद अब सवाल है कि रामबहादुर की पत्नी बविता ने पुलिस को गलत सूचना क्यों दी।
25 वर्षीय रामबहादुर का शव शुक्रवार दोपहर को गांव अनावां और खिरिया पाठक के बीच केले के पेड़ों के बीच पड़ा मिला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया था। इस मामले में 27 मई की देर रात रामबहादुर की पत्नी बविता की ओर से उसके देवर विजय पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बविता के अनुसार 26 मई को शराब पीने के दौरान पति रामबहादुर और देवर विजय के बीच विवाद होने पर विजय ने उसके पति को धक्का दे दिया था।
इससे पति के चेहरे और सिर में चोट लग गई थी। इलाज को ले जाते समय रामबहादुर की मौत हो गई थी। भारी भीड़ के बीच दूसरे दिन शव बरामद होने के बाद भी पुलिस ने बविता की बात पर यकीन कर रिपोर्ट दर्ज की थी, जबकि इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत हो जाने पर शव को रास्ते में न फेंक कर घर ले जाना चाहिए था।
उधर, पुलिस पूछताछ में विजय ने घरेलू कलह के चलते भाई को बड़ागांव में शराब पिलाने और रास्ते में गला दबाकर मार देने के बाद शव रास्ते में फेंक देने की बात स्वीकार की थी। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर चोटों के निशान के साथ ही गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। इससे बविता की बात भी संदेह के घेरे में आ गई है। सीओ बीएस वीरकुमार ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। इस कारण मौत का कारण पता नहीं चल सका है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी ने गला दबाकर हत्या की बात पुलिस के सामने कबूली थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति साफ होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ग्रामीण