रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटे लोगों से बुधवार को बाजार गुलजार रहे। सदर बाजार में साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद त्योहार के कारण काफी भीड़ रही। बाजार में चारों तरफ राखियां ही राखियां दिखाई दे रही हैं। वहीं, दूसरी ओर मिठाई की दुकानों पर भी देर रात तक भीड़ उमड़ती रही।
भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक पर्व की धूम बाजार से साफ देखी जा सकती है। सड़क के किनारे सजी राखियों की दुकानों पर महिलाओं, युवतियों और बच्चों की भीड़ सर्वाधिक रही। बाजार में एक रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की राखियां दिखाई दे रही हैं। बच्चों के लिए खिलौनों वाली राखियों की डिमांड हो रही है। इसके अलावा कच्चे धागे से बाहर निकल कर लोगबाग शौक में चांदी की राखियां भी खरीद रहे हैं। चांदी की राखियों के कारण सर्राफा बाजार में भी रौनक देखी गई।
वहीं, त्योहार का महत्व देखते हुए मिठाई की नामी-गिरामी दुकानों पर लोग उमड़ते रहे। साधारण दुकानों पर भी मिठाई के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। इसी तरह बहनों को उपहार के लिए लोग दुकानों के चक्कर काटते रहे। बाजार में चारों ओर राखियों की बहार दिखाई दे रही है।