इससे पहले भी कई पदों पर रह चुके हैं बक्सरियां निवासी मेहरोत्रा
जनपदवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। वह यह कि शहर निवासी राजीव लोचन मेहरोत्रा इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति बन गए हैं। उन्हें शुक्रवार शाम हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने शपथ ग्रहण कराई। हाईकोर्ट के जज बनकर जनपद को गौरवान्वित करने वाले राजीव मेहरोत्रा इतिहासकार डॉ. एनसी मेहरोत्रा के भतीजे हैं।
शहर के मोहल्ला बक्सरियां निवासी अमरनाथ मेहरोत्रा और सत्यवती मेहरोत्रा के पुत्र राजीव लोचन मेहरोत्रा ने आरंभिक शिक्षा मोहल्ला किला स्थित नार्मल स्कूल से ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने श्री दैवी संपद इंटर कॉलेज (मुमुक्षु आश्रम) से हाईस्कूल और इंटर तथा बीएससी की शिक्षा जीएफ कॉलेज से ग्रहण की। जीएफ कॉलेज से बीएससी करने के बाद उन्होंने वर्ष 1977 में विधि शिक्षा हासिल कर शाहजहांपुर में ही वकालत शुरू कर दी। फरवरी 1978 से जुलाई 1985 तक वकालत करने के बाद वह मुंसिफ मजिस्ट्रेट के प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सिविल एंड सेशन जज रहे।
इतिहासकार डॉ. मेहरोत्रा बताते हैं कि उनके भतीजे राजीव उच्च न्यायालय इलाहाबाद में रजिस्ट्रार बजट भी रह चुके हैं। बिजनौर और आगरा में जिला जज की कुर्सी को सुशोभित करने के बाद जून 2016 में उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस ट्रिब्यूनल, लखनऊ में न्यायाधीश नियुक्त किए गए। राजीव लोचन मेहरोत्रा चार भाई और दो बहनों में चौथे नंबर पर हैं। उनके बड़े भाई राजेंद्र मेहरोत्रा बैंक से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि कैलाशनाथ मेहरोत्रा शहर में ही वकालत कर रहे हैं। तीसरे नंबर के भाई मुकुंद माधव मेहरोत्रा कनाडा में इंजीनियर हैं। अर्चना कक्कड़ और रागिनी मेहरोत्रा उनकी दो बहनें हैं। राजीव लोचन के हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति बनने पर जीएफ कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर अकील अहमद, दैवी संपद इंटर कॉलेज में प्रबंधक संतोष पांडेय और प्रधानाचार्य डॉ. अमीर सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।