मोहल्ला धर्मापुर में नाली निर्माण नहीं होने के कारण भरा पानी। संवाद
बंडा। मोहल्ला धर्मापुर में नाली निर्माण नहीं होने के कारण रास्ते में बारिश और घरों से निकलने वाला गंदा पानी भर गया है। इसकी शिकायत कई बार नगर पंचायत के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी से की गई लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
धर्मापुर मोहल्ले के सुनील कुमार, देव कुमार, आशीष कुमार, दिवाकर मिश्रा आदि ने बताया कि उनके घरों से पूर्व की ओर जाने वाले मार्ग से पानी का निकास था। कुछ दिन पहले मार्ग के पूर्वी हिस्से में इंटरलॉकिंग कार्य के साथ नाली निर्मित करा दी गई, लेकिन उनके घरों की ओर जाने वाले रास्ते की नाप करके उसे छोड़ दिया गया। इससे आगे जाकर पानी का निकास बिल्कुल बंद हो गया। गंदा पानी रास्ते पर भरने से लोगों को उधर से निकलने में असुविधा हो रही है और वहां के लोगों को बीमारी फैलने का डर है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय सिंह के अनुसार मौका मुआयना करके अतिशीघ्र अधूरे मार्ग और नाली का निर्माण कराया जाएगा। संवाद