शाहजहांपुर। मानसून की पहली बारिश ने जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों की पोल खोल दी है। कहीं बारिश में मिट्टी बह गई है तो कहीं बजरी और कोलतार की परत उखड़ने से सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। लखनऊ-दिल्ली हाईवे, लिपुलेख-भिंड हाईवे, पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे, बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे और तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर सफर जोखिम भरा हो गया है।
गड्ढों और जलभराव के कारण आए दिन बाइक सवार, ई-रिक्शा चालक और अन्य वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सावन में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले इन मार्गों की बदहाली श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है।
शहर से होकर गुजरने वाले लखनऊ-पलिया नेशनल हाईवे की बदहाली अभी दूर नहीं हो सकी है। कई स्थानों पर सड़क इतनी बदहाल है कि उससे गुजरना खतरे से खाली नहीं है। निगोही के हमजापुर चौराहे से शाहजहांपुर की ओर करीब 150 मीटर तक लिपुलेख-भिंड हाईवे गहरे गड्ढों और जलभराव से बदहाल हो गया है।
बुधवार सुबह एक एसी बस भी गड्ढों में फंस गई। मार्ग की देखरेख कर रही मोर्थ कंपनी के अभियंता सतेंद्र शर्मा ने बताया कि जून में ही मार्ग उनकी कंपनी को हस्तांतरित हुआ है। जल्द मरम्मत कराई जाएगी।
पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे पर फिर उभरे गहरे गड्ढे
बंडा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर पोहकरापुर से सबली कटेली टोल प्लाजा तक करीब 22 किलोमीटर में कई स्थानों पर सड़क धंस गई है। फरवरी और अप्रैल में मरम्मत के बावजूद बारिश में बजरी-कोलतार उखड़ने से फिर गहरे गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में महोलिया गांव के पास उप मंडी स्थल के सामने कई बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। सड़क पर चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रण के इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।
हुल्लापुर चौराहे का गड्ढा बनेगा कांवड़ियों के लिए मुसीबत
अल्हागंज में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे (एनएच-730सी) के हुल्लापुर चौराहे पर बना गहरा गड्ढा लगातार बड़ा होता जा रहा है। यहां आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। सावन में हजारों कांवड़िये इसी मार्ग से गुजरेंगे। स्थानीय लोगों ने समय रहते गड्ढा भरवाने की मांग की है।
बहगुल पुल के पास धंसी सड़क से बढ़ा खतरा
जैतीपुर क्षेत्र में तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर बहगुल नदी के पुल के पास बारिश में सड़क की मिट्टी धंस गई है। पुल के दोनों ओर सड़क असमतल हो गई है, जिससे एंबुलेंस और पुलिस वाहनों को भी धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है। वहीं, तिलहर के ब्लॉक रोड स्थित जैतीपुर मोड़ मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश में इनमें पानी भरने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे हो जाते हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है। मीरानपुर कटरा में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सड़क किनारे नाले पर पड़ी स्लैब कई जगह से टूटने से खतरा खड़ा हो गया है।
खुटार में नगर के अंदर की सड़कें बनीं आफत
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे के चौड़ीकरण के बाद बने बाइपास के कारण खुटार नगर के भीतर की सड़कें उपेक्षित हैं। पुवायां से मैलानी रोड तक बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात में इनमें पानी भरने से बाइक सवार आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।
-
गड्ढों की वजह से निकलना दूभर
रोजाना ही पुवायां के स्कूल में पढ़ाने जाते हैं। अशफाक नगर चौकी से नियामतपुर तक सड़क की हालत काफी ज्यादा खराब है। गड्ढों से निकलना दूभर है। बारिश में स्थिति और ज्यादा विकराल हो जाती है।
-अवनी दीक्षित, सुभाषनगर
शहर की सड़कों के साथ हाईवे की भी दुर्दशा
शहर की सड़कों के हालात काफी खराब हैं। हाईवे पर भी जगह-जगह गड्ढों की समस्या है। स्टेट और नेशनल हाईवे की स्थिति ठीक की जानी चाहिए।
-हरभजन सिंह दुआ, मोहल्ला बाबूजई
हुल्लापुर में हाईवे का बुरा हाल
हुल्लापुर में कई बाइक चालक खराब सड़क के कारण हादसे का शिकार हो चुके हैं। इस सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने की जरूरत है। वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
-पवन कुमार, हुल्लापुर
रोज ही गिरते हैं लोग
निगोही में दुकान क्षतिग्रस्त हाईवे के किनारे है। अक्सर ही लोग गड्ढों में गिर जाते हैं। उन्हें उठाना पड़ता है। सवाल यह है कि आखिर यह सड़क कब तक ठीक हो सकेगी।
-अश्वनी कुमार शर्मा, निगोही
-
निगोही में हमजापुर जाने वाली सड़क को ठीक कराने के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) के अधिकारियों को शुक्रवार को ही बुलाकर निर्देशित किया गया है। जिले में जो भी नेशनल हाईवे गुजरे हैं, उनमें जहां भी गड्ढे हैं या अन्य कमी है, उसे दूर करने के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेट हाईवे की तत्काल मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
-धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद
मीरानपुर कटरा में सर्विस लेन पर टूटा स्लैब। संवाद