निगोही में हाईवे पर भरे पानी से गुजरते लोग। स्रोत: जागरूक पाठक
निगोही। देर रात से रविवार को सुबह तक रुक-रुककर हुई मामूली बारिश में लिपुलेख-भिंड हाईवे पर जलभराव हो गया। इस दौरान कुछ ई-रिक्शे पलट भी गए, जिनमें सवार लोगों को चोटें आईं।
रविवार सुबह तक हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन हाईवे से निकलने वाले लोग परेशान हैं। हमजापुर चौराहे से शाहजहांपुर की ओर हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। हाईवे पर कई जगह दो-दो मीटर व्यास के कई फुट गहरे गड्ढे हो गए हैं।
गत वर्ष एडीएम प्रशसान रजनीश मिश्रा ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ हाईवे की दुर्दशा देख कर नाराजगी जताते हुए तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए, लेकिन अभी तक ध्यान नहीं दिया गया। मोर्थ के प्रोजेक्ट निदेशक अमन त्रिगुण के अनुसार, किनारे की नालियां ऊंची और हाईवे की लेन नीची होने के कारण बरसात का पानी मार्ग पर इकट्ठा हो जाता है। उनका कहना है कि विभागीय टीम को भेजकर सर्वे कराने के बाद मरम्मत कार्य का एस्टीमेट बनवाया जाएगा। संवाद