उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पूठिया बृहस्पतिवार को दोपहर यहां आकर स्टेशन का वार्षिक निरीक्षण करेंगे। इस मौके पर वह स्टेशन गेट पर शहीदों की प्रतिमाओं का लोकार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जीएम के दौरे को लेकर रेल अधिकारी अलर्ट हो गए और उन्होंने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रेल मुख्यालय और मुरादाबाद मंडल कार्यालय से यहां के रेल अधिकारियों को प्राप्त मैसेज के अनुसार महाप्रबंधक पूठिया बृहस्पतिवार को तड़के जीएम स्पेशल ट्रेन से सीधे सीतापुर जाएंगे क्योंकि उन्हें सीतापुर-बरेली रेल सेक्शन के स्टेशनों का निरीक्षण करना है। जीएम स्पेशल यहां से सुबह करीब पांच बजे सीतापुर के लिए गुजरेगी। इसे देखते रेलवे के विभिन्न अनुभागों से जुड़े अधिकारी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क हो गए हैं। निर्माण अनुभाग के अधिकारी स्टेशन गेट के बाहर रेलवे कैंपस में रोड पर जगह-जगह उखड़ चुके डामर की परत भरने के लिए बजरी-कोलतार बिछवाने में जुटे रहे। स्टेशन की लाइटिंग और सफाई व्यवस्था की खास तौर पर निगरानी की जा रही है। रेल अधिकारियों ने बताया कि सीतापुर से 8.30 बजे स्पेशल ट्रेन से जीएम निरीक्षण शुरू करेंगे और दोपहर 12.30 मिनट पर रोजा जंक्शन पर पहुंचकर यात्री सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। दोपहर एक बजे स्पेशल ट्रेन से यहां आकर जीएम पूठिया स्टेशन गेट पर अमर शहीद अशफाकउल्ला खां, पं. रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं का लोकार्पण कर स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। जीएम के दौरे के मद्देनजर रेल परिसर में अवांक्षित तत्वों की चहल-कदमी रोकने को आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने भी निगरानी बढ़ा दी है।