रोजा-शाहजहांपुर। लखनऊ से बरेली के बीच चलने वाली बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस अप और डाउन लाइन पर निरस्त कर दी गई। लेकिन इसकी जानकारी बुकिंग विंडो पर टिकट वितरकों को नहीं दी गई। बराबर ट्रेन के टिकट यात्रियों को वितरित किए जाते रहे। जब यात्रियों को ट्रेन के रद होने की जानकारी हुई, तो उन्होंने हंगामा कर दिया।
बुधवार को बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस को बिना किसी कारण के निरस्त कर दिया गया। ट्रेन के नहीं आने पर यात्रियों ने रोजा स्टेशन पर हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि ट्रेन के निरस्त होने के बावजूद उन्हें टिकट बेचे गए। टिकट को वापस करने पर 30 रुपये काटा जा रहा है। जबकि नियम है कि ट्रेन के तीन घंटे से अधिक देरी से आने या निरस्त होने पर यात्री को पूरा किराया वापस किया जाएगा। बताया जाता है कि बुकिंग क्लर्क रद ट्रेन का टिकट वापस करने पर 30 रुपये काटकर किराया वापस कर रहा था। जिसको लेकर यात्रियों ने नाराजगी जताई। वहीं, बुकिंग क्लर्क का कहना था कि उसे ट्रेन के रद होने की जानकारी नहीं है और न ही कोई भी आदेश प्राप्त हुआ है। टिकट वापसी के नियमानुसार ही रुपये काटे जा रहे हैं।
उधर, स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने ट्रेन के निरस्त होने पर टिकट वापसी को लेकर हंगामा होने की जानकारी होने से इंकार कर दिया।