शाहजहांपुर। आलमनगर से मुरादाबाद तक अप लाइन पर रविवार को कई जगह रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम किया गया, जिसके चलते करीब चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाहजहांपुर स्टेशन पर बैठकर यात्री ट्रेन का इंतजार करते रहे। पूछताछ काउंटर भी यात्रियों की भीड़ लगी रही।
रविवार को सुबह सवा 11 बजे से शाहजहांपुर डिवीजन में ब्लॉक शुरू हुआ। इस दौरान ट्रेनों को पिछले ही स्टेशनों पर रोक दिया गया। इस बीच ट्रैक पर स्लीपर बदलने और पत्थरों की छनाई का काम किया गया। जिसके चलते रोजा से बरेली तक ट्रेनों का संचालन नहीं हुआ। कई ट्रेनों को रोककर चलाया गया, जबकि वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। मेंटेनेंस का काम समाप्त होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो सका। इस कारण यात्रियों को खासा परेशानी उठानी पड़ी। गनीमत रही कि रविवार को अवकाश के चलते यात्रा करने वालों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा काफी कम थी, पर जिन लोगों को समय से पहुंचना था उन्हें रोडवेज बसों से अपना सफर तय करना पड़ा।
वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस व सीतापुर पैंसेजर रास्ते से वापस
ब्लॉक के दौरान अप लाइन पर वाराणसी से बरेली एक्सप्रेस लखनऊ तक चलाई गई, जबकि सीतापुर-शाहजहांपुर पैसेंजर को रोजा से वापस कर दिया गया। दोनों ट्रेनें शाहजहांपुर में नहीं आईं। ऐसे में इन दोनों ट्रेनों पर पहले से रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों को अपना टिकट कैंसिल कराना पड़ा, जनरल पैसेंजर दूसरी ट्रेनों का इंतजार करते देखे गए।
त्रिवेणी पांच और जननायक चार घंटा देरी से पहुुंची
रविवार को ब्लॉक की वजह से जननायक एक्सप्रेस चार घंटे और त्रिवेणी पांच घंटे देरी से चलीं। जिनके निर्धारित समय पर शाहजहांपुर नहीं पहुंचने पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जिन्हें अपने गंतव्य पर समय से पहुंचना था, उन्होंने टिकट कैंसिल कर रोडवेज की सेवा लेना उचित समझा।
यह ट्रेनें हुईं प्रभावित
- जम्मूतवी एक्सप्रेस एक घंटा दस मिनट, राज्यरानी एक्सप्रेस 20 मिनट, गंगा सतलुज आधा घंटा देरी से शाहजहांपुर स्टेशन पहुंची। हालांकि तब तक ब्लॉक खत्म हो चुका था। इसलिए जिन यात्रियों को बरेली की ओर जाना था, वह इन ट्रेनों से यात्रा करके पहुंचे।
डाउन लाइन पर तीन घंटे तक खड़ी रही मालगाड़ी
स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो पर मालगाड़ी खड़ी रहने वाली वजह से भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। सुबह 11 बजे बरेली की ओर से शाहजहांपुर पहुंची मालगाड़ी दोपहर डेढ़ बजे तक प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी रही। मालगाड़ी के ड्राइवर ने बताया कि मेल को निकालने के चक्कर में ट्रेन को खड़ा कर दिया गया है। जो ड्राइवर ट्रेन लेकर आया था, उसकी ड्यूटी का समय भी पूरा हो गया था, कंट्रोल के निर्देश पर वह ट्रेन को आगे ले जाएगा।
गोरखपुर अमृतसर एक्सप्रेस 45 मिनट और सियालदाह एक घंटा लेट
डाउन लाइन पर गोरखपुर अमृतसर एक्सप्रेस आधा घंटे और कोलकाता एक्सप्रेस (सियालदाह) एक घंटा देरी से आई। अवध आसाम एक्सप्रेस 40 मिनट लेट आई। जिसकी वजह डाउन लाइन पर निर्धारित स्टेशनों से ट्रेनों का संचालन देरी से रहा।
- रविवार को ट्रैक पर मेंटीनेंस के काम के चलते चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया था। शाम को साढ़े तीन बजे ब्लॉक समाप्त हो गया। जिसके बाद ट्रेनों संचालन शुरू हो गया। - मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक
- बरेली जाना है लेकिन कोई ट्रेन ही नहीं आई। पूछताछ केंद्र पर बताया गया कि डेढ़ बजे त्रिवेणी आएगी लेकिन उसी का इंतजार कर रहे है। 12 बजे से स्टेशन पर ही गाड़ी का इंतजार कर रहे हैं। - विशाल
- बरेली में कुछ काम था, वहीं जाने के लिए साढ़े 11 बजे स्टेशन पर आए हुए हैं। अभी तक कोई ट्रेन नहीं आई है। बताया जा रहा है कि ब्लॉक चल रहा है। शाम को साढ़े तीन बजे के बाद ट्रेन आएगी। - महेश
- मुरादाबाद जा रहे था, लेकिन कोई गाड़ी ही नहीं मिल रही। ट्रेन नहीं मिली तो रोडवेज बस से मुरादाबाद जाएंगे। पूछताछ पर ट्रेन का टाइम डेढ़ बजे बताया है, उसी का इंतजार है। मोहम्मद शाकिर
- आए दिन ट्रेनें देरी से चलती हैं, जिसकी वजह से लोगों को बहुत परेशानी होती है। ट्रैक का दुरुस्त होना भी जरूरी है। ब्लॉक जानकारी नहीं थी, टिकट लेने के कारण अभी ट्रेन के इंतजार में बैठे हैं। - वीरेंद्र