शाहजहांपुर। आलमनगर से मुरादाबाद तक मेगा ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों को जहां के तहां रोक दिया गया। इसके चलते अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बरेली-बनारस और सीतापुर पैसेंजर को रद कर दिया गया। जिसमें सीतापुर पैसेंजर बनतारा से वापस हो गई। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर स्लीपर को बदलने का काम किया गया।
सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे से ब्लॉक शुरू हुआ। जिसके चलते बरेली-वाराणसी ट्रेन को लखनऊ से वापस कर दिया गया। जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। जिन यात्रियों ने इस ट्रेन में अपना रिजर्वेशन कराया था, उन्हें टिकट भी निरस्त कराना पड़ा। लेकिन इसके बाद दोपहर दो बजे तक कोई भी गाड़ी स्टेशन पर नहीं आई। इससे वह आगे की यात्रा कर सकते। इसी तरह से सीतापुर पैसेंजर के बनतारा से वापस होने पर शाहजहंापुर से जंगबहादुरगंज, मैगलगंज जाने वालों को दिक्कत हुई। जिसको लेकर यात्रियों ने नाराजगी भी जताई, लेकिन उनको वापस घर ही जाना पड़ा। जिन्हें किसी काम से जाना ही था, उन्होंने रोडवेज बसों का सहारा लिया। इस तरह मेगा ब्लॉक की वजह से लखनऊ से दिल्ली रूट पर सफर करने वाले यात्रियों परेशानी का सामना करना पड़ा।
त्रिवेणी चार और जननायक दो घंटे देरी से आई
मेगा ब्लॉक के चलते त्रिवेणी एक्सप्रेस चार घंटे लेट रही। जननायक एक्सप्रेस दो घंटे देरी से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस तरह ट्रेनों के देर से आने की वजह से यात्री परेशान होते रहे।