शाहजहांपुर। रेलवे एक जून से लगभग दो सौ नियमित ट्रेनें चलाने को है। इन नियमित ट्रेनों को उनके टाइम टेबल के हिसाब से चलाया जाएगा। इनमें चार ट्रेनों का ठहराव शाहजहांपुर स्टेशन पर होगा। जिसको लेकर रेल प्रशासन की ओर से गाइडलाइन के अनुसार तैयारियां शुरू की गई है। इसके साथ ही रिजर्वेशन कराने वालों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रेलवे की ओर से ट्रेनों को चलाए जाने के पहले यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी की गई है। जिसके अनुसार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों आने और जाने के लिए अलग गेट होंगे। मास्क पहना और सामाजिक दूरी का पालन करना जरूरी होगा और सबसे अहम बात कंफर्म टिकट होने पर ही स्टेशन तक पहुंचने और स्टेशन में दाखिल होने की अनुमति मिलेगी। जिसकेे लेकर रेल प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एक जून से ट्रेनें चलने पर श्रमजीवी, दिल्ली-रक्सौल, शहीद एक्सप्रेस, लखनऊ मेल का स्टॉपेज यहां होगा। जिसके लिए रिजर्वेशन की प्रक्रिया पिछले चार दिनों से चल रही है। सीएमआई मनोज सिंह ने बताया कि रोजाना करीब 20 से 30 रिजर्वेशन हैं। जिनमें ज्यादातर दिल्ली से आने वालों के हैं। बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन स्थित आरक्षण केंद्र पर रिजर्वेशन कराने वालों की लाइन लगी देखी गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा सभी से सामाजिक दूरी का पालन कराया गया।