शाहजहांपुर। ट्रेनों के किराये में रियायत देने वाले रेलवे पास बनवाने के लिए दिव्यांग चार महीने से भटक रहे हैं। रेलवे स्तर से कार्य पूर्ण होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सत्यापन के नाम पर पास अटका दिए हैं। रेलवे के अफसर ने सीएमओ से मुलाकात कर दिक्कत बताते हुए समाधान की मांग की है।
रेलवे के स्थानीय अधिकारियों ने दिव्यांगों के आवेदनों के प्रिंट निकालकर सीएमओ कार्यालय को भेजे थे। स्वास्थ्य विभाग को अपने डाटा से मिलान करने के बाद पुष्ट करना था, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी सत्यापन कार्य पूर्ण नहीं हो सका। रेलवे पास नहीं बनने से नाराज दिव्यांग रोजाना रेलवे अफसरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य विभाग के कोई सटीक जानकारी नहीं देने पर रेलवे अफसरों ने सीएमओ से मुलाकात कर दिक्कतें बताईं। अधिकारियों के अनुसार, करीब दो सौ दिव्यांगों के प्रमाण पत्र अटके हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल से डाटा उड़ जाने के चलते सत्यापन के कार्य में दिक्कत आ रही है।
-ट्रेनों में सफर करने के लिए रेलवे पास बनवाने को ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। रेलवे बोर्ड आवेदनों को संबंधित डिवीजन के स्टेशन के सीएमआई को भेजे जाते हैं। सीएमआई प्रिंट निकालकर स्वास्थ्य विभाग को रिकार्ड से सत्यापन के लिए भेजते हैं।
-पोर्टल से डाटा हटने की वजह से सत्यापन करने में दिक्कत आ रही है। इसके लिए लखनऊ स्तर से पत्राचार किया गया। जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।
डॉ.आरके गौतम, सीएमओ