जलालबाद में पनीर व नमकीन की दुकान पर नमूने लेते खाद्य विभाग के अधिकारी के साथ एसडीएम। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। एसडीएम बरखा सिंह के नेतृत्व में बुधवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीमों ने नगर में मेडिकल स्टोर के अलावा पनीर व मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। अधिकारियों ने एक दवा प्रतिष्ठान से एक्सपायरी डेट की दवाएं जब्त कीं और मिठाइयों के नमूने लेने के साथ ही दूषित दूध और पनीर नष्ट करा दिया।
अधिकारियों की इस संयुक्त कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई। ज्यादातर विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए। शुरुआत तहसील रोड पर स्थित चार मेडिकल स्टोर से हुई। इस दौरान कई दुकानों से दवाओं के नमूने एकत्र किए गए। एक दुकान से एक्सपायरी डेट की दवाएं भी मिली। ड्रग इंस्पेक्टर देशबंधु विमल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एक दुकान से एक्सपायरी डेट के बॉयल मिले हैं जबकि दवा की अन्य दुकानों से भी दवाओं के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच को भिजवाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामजी शुक्ला, महेश वर्मा और नरेंद्र शर्मा के साथ अन्य अधिकारियों की टीम ने बरेली रोड स्थित एक रेस्टोरेंट और एक अन्य दुकान से पनीर के नमूने लिए। इसके अलावा टीम ने नगर के मोहल्ला नौसारा स्थित छेना बनाने वाले कारखाने से नमूने लिए। अधिकारियों ने वहां खराब हो चुके पांच किलो पनीर और करीब 50 लीटर दूषित दूध अपने सामने नष्ट करवा दिया। इस दौरान सीओ मस्सा सिंह व बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।