नटखट कान्हा का जन्मदिन मनाने के लिए सर्वाधिक आनंद बच्चों को ही आता है। इसके लिए वह कई दिन पूर्व से ही तैयारियां आरंभ कर देते हैं। एक ओर जहां किशोरवय वर्ग के बच्चे घरों में झांकियां सजाने की तैयारी करते हैं, वहीं युवा वर्ग मंदिरों को सजाने और झांकियां बनाने की व्यवस्था में रात-दिन एक करते रहते हैं। नन्हें-मुन्नों के लिए स्कूल पीछे नहीं रहते। इन बच्चों को राधा-कृष्ण और गोपियों के रूप में स्कूलों में सजाया जाता है और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा झांकियों के रूप से सजाकर पुरस्कृत किया जाता है। इस कार्य में अभिभावक भी खासतौर पर महिलाएं अपने बच्चों को घरों से भी सजाकर स्कूल पहुंचाती हैं और आयोजन का हिस्सा बनती हैं। कुल मिलाकर यशोदानंदन माखनचोर का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को भी स्कूलों में छुट्टी होने केेेे बावजूद बच्चों को बुलाकर नटखट कान्हा के रूप में सजाकर उत्सव मनाया गया।
गुरू गोविंद सिंह सेवा सोसाइटी की ओर से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव अलग ढंग से मनाया गया। बहादुरगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए कार्यक्रम में सिख समाज के बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप से सजाकर कान्हा का जन्मदिन मनाया गया। बच्चों ने कान्हा की बाल लीलाओं का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। इसके अलावा कई अन्य प्रतियोगिताएं भी हुईं। आयोजन में सुखराज सिंह टुटेजा को कृष्ण, हरलीन कौर को राधा के रूप में पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा कला प्रतियोगिता के विजेता बने सहज चावला पुरस्कृत हुए। आयोजकों ने समापन पर सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर त्योहार की वधाई दी। हर्षप्रीत कौर, प्रभलीन कौर, गुरजीत कौर, हरप्रीत कौर, विंदिया गांधी, लॉडी गांधी, स्वीटी चावला, स्वाति, गुड़िया टुटेजा, नवनीत कौर, शरनजीत खालसा, सोनिया कौर, गुड़िया चावला, स्वाति आदि बच्चों को उपहार के साथ चाकलेट, टाफियां आदि दी गईं। हरप्रीत कौर टुटेजा ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में संस्थाध्यक्ष जवाहर सिंह टुटेजा, महामंत्री सिमरजीत सिंह माटा, संयोजक निरंकार सिंह लूथड़ा आदि का योगदान रहा।
यूरो किड्स में बच्चों ने फोड़ी दही हांडी
यूरो किड्स प्री स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सभी बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सजधज कर स्कूल पहुंचे। राधा-कृष्ण की झांकी सजाकर आरती उतारी गई और बाद में इन्हीं बच्चों ने दही हांडी फोड़कर भजनों पर खूब डांस किया। भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का प्रदर्शन भी बच्चों ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक राहुल गुप्ता और प्रधानाचार्य वृद्धि गुप्ता ने त्योहार के महत्व को समझाते हुए बच्चों को चाकलेट वितरित कीं। आयोजन में सुनीता, आरती, गजाला, सबा, बुशरा, लीना, शाजिया, नीतू, ऋचा, रमनीत आदि का योगदान रहा।
विवेकानंद विद्यापीठ में सजी झांकियां
विवेकानंद विद्यापीठ में योगीराज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण और गोपियां के वेश में सजकर वाहवाही लूटी। निदेशक अमितेश अमित, प्रधानाचार्य रश्मि सक्सेना, अंकिता शर्मा, कुमुद सिंह, दीक्षा आदि ने झांकियां सजाने में बच्चों का उत्साहवर्धन किया।