रामपुर में वाल्मीकि समाज के लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज ‘भावाधस’ के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही निशात टाकीज तिराहा के पास स्थित वाल्मीकि मंदिर के सामने जाम लगाकर कैबिनेट मंत्री आजम खां का पुतला फूंका। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित मांग पत्र डीएम को दिया।
वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि रामपुर के मोहल्ला तोपखाना में वाल्मीकि बस्ती के 80 मकान ध्वस्त करने का प्रयास किया गया। मकानों को बचाने के लिए वहां पर रहने वाले 800 लोगों को इस्लाम धर्म कुबूल करने की बात कही गई। इस पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने इस्लाम धर्म कुबूल करने की बात दी है। समाज के लोगों ने कहा कि दलित बस्ती को उजड़ने से बचाया जाए।
आरोप लगाते हुए कहा कि आजम खां के मॉल को पार्किंग के लिए जगह न मिलने की वजह से उन वाल्मीकि बस्ती को उजाड़ना गलत है। इस दौरान भावाधस के दौलतराम, आकाश, अमरदीप, विकास चंद्रा, प्रदीप वाल्मीकि, अमित, दिनेश उर्फ राजा, सुभाष, अमित महाजन, मुरारीलाल भास्कर, पवन, गोविंदा वाल्मीकि, विजय वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।