परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण कराए जाने से पहले उनके भवन निर्माण प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार को सात ब्लाकों के भवन निर्माण प्रभारियों को प्रशिक्षित करते हुए निर्देशित किया गया कि कक्षा कक्षों का निर्माण 30 जून तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर लिया जाए।
जिले के परिषदीय स्कूलों में बच्चों को बैठने के लिए कोई परेशानी न हो इसके लिए 162 अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य जून के अंत तक होना है। इसके लिए मंगलवार को जिले के सात ब्लाकों के प्रधानाध्यापक एवं भवन निर्माण प्रभारियों को रोटी गोदाम स्थित स्कूल में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक (निर्माण) आलोक मिश्रा ने भवन निर्माण प्रभारियों को बताया कि 30 जून तक इन कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। कहा कि इसके लिए मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान दिया जाए।
मिश्रा ने कहा कि दीवारों की चुनाई के दौरान सीमेंट एवं अन्य निर्माण की मोटाई आदि के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। इसके साथ ही लिंटर एवं प्लास्टर करते वक्त भवन का निर्माण सही ढंग से करने के निर्देश भी दिए। कहा कि निर्माण के दौरान यदि कोई खामी पाई जाती है, इसके लिए संबंधित भवन प्रभारी दोषी माने जाएंगे। इस मौके पर देवीदयाल शर्मा, उर्मिला देवी सक्सेना, शैलेंद्र कमल मधुकर, आस्था, तारिक इकबाल, डॉ. बेबी सिंह, भुवनेश गुप्ता, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।