शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव सरैया आबाद निवासी भइया लाल (48) की झोलाछाप के इलाज के बाद जान चली गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
मजदूरी करने वाले भइयालाल को बृहस्पतिवार को बुखार आ गया था। दोपहर करीब तीन बजे वह गांव के झोलाछाप के पास दवा लेने चले गए। आरोप है कि झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के पांच मिनट के अंदर उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद भइयालाल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। लोगों के जुटने पर झोलाछाप अपनी दुकान बंद कर भाग गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनकी मौत से पत्नी रामवती का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।