एनसीसी कंपनी परिसर में प्रदर्शन करते पंप ऑपरेटर। स्रोत : ऑपरेटर
शाहजहांपुर। ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत एनसीसी कंपनी में काम कर रहे पंप ऑपरेटर वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने एजीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
गांव अकर्रा रसूलपुर के पास स्थित कंपनी कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे ऑपरेटरों ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि गांवों में जलापूर्ति का काम आउटसोर्सिंग या ग्राम पंचायत स्तर से कराया जाएगा। ऐसे में वर्षों से काम कर रहे पंप ऑपरेटरों को हटाए जाने की आशंका है। उन्होंने ग्राम प्रधानों (प्रशासकों) को उन्हें नौकरी से हटाने का अधिकार न देने की मांग की।
ज्ञापन में मानदेय 4500 से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने, स्थायीकरण और समय से मानदेय का भुगतान करने समेत अन्य मांगें रखी गईं। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
इस दौरान वासुदेव यादव, सर्वेश मिश्रा, रामप्रताप, भाईलाल, अनिल कुमार, राघवेन्द्र, महिपाल कुमार और राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। कंपनी के एजीएम कृष्णा ने बताया कि पंप ऑपरेटरों का मांगपत्र प्रबंधन के पास भेज दिया गया है। वहां से मिलने वाले निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।