तिलहर (शाहजहांपुर)। कस्बे के एक संभ्रांत परिवार की युवती ने एक जनप्रतिनिधि के बेटे और उसके दो साथियों पर पीछा कर छेड़खानी करने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस ने आरोपी की बुलेट बाइक कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दी। एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक पीड़ित पक्ष थाने आया था मगर अभी कार्रवाई से इन्कार कर दिया है।
आरोप है कि सोमवार शाम युवती ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी और उसके दो साथी बाइक से उसका पीछा करने लगे। युवती का आरोप है कि रास्ते में तीनों ने उसके साथ छेड़खानी की। घर के पास पहुंचने पर युवती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों को आता देख आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से भाग गया।
युवती ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद पिता ने तत्काल थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की बुलेट बाइक को कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दिया।
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने जनप्रतिनिधि के बेटे पर आरोप लगाया था, लेकिन कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। अगर पीड़ित पक्ष तहरीर देता है तो पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।