बिजली समेत कई विभागों से जुड़ी जन समस्याओं का निदान नहीं किए जाने पर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट कैंपस में नारेबाजी केसाथ प्रदर्शन किया। बाद में डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को मांग पत्र देकर मांगों का निस्तारण जल्द नहीं होने पर क्रमिक आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान सभा में शिव सेना के नगर अध्यक्ष अमन नैय्यर ने कहा कि गर्रा फाटक के नजदीक बाला तिराही मोहल्ले की कई गलियों में बिजली के पोल नहीं लगाए जाने से लोगों ने बल्लियों पर केबल डाल रखे हैं। वहां करंट फैलने से कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने इस बावत गत एक फरवरी को दिए गए ज्ञापन पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अफसर शिवसैनिकों के धैर्य की परीक्षा लेने से बाज आएं।
मांग पत्र में बाला तिराही की गलियों में बिजली के पोल लगाकर लाइन व्यवस्थित कराने, विकलांगों के प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सरल बनाने, अब्दुल्लागंज से मघईटोला तक अधूरा रोड निर्मित कराने, स्टेश पर केंप लगाकर रेलवे से विकलांगता प्रमाण पत्र जारी कराने, बिजली के नए कनेक्शनों पर मीटर लगाने आदि मांगोें का उल्लेख है। प्रदर्शन में रामसेवक वर्मा, रवींद्र शर्मा, धर्मवीर धोनी, धनपाल वर्मा, मोहित श्रीवास्तव, सुनील कनौजिया आदि शामिल रहे।