शाहजहांपुर। भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयतावादी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विभिन्न जन समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रदर्शन किया।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में ग्राम पंचायत मिल्कीपुर थाना कटरा के भाकियू कार्यकर्ता सलमान को एसओजी टीम ने झूठे नकली नोट प्रकरण में गिरफ्तार किया था। बाद में शिकायतें मिलने पर एसओजी टीम भंग कर दिया गया था। टीम के सदस्यों की दूसरे थानों में तैनाती कर दी गई, जोकि गलत है।
इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधौली में तैनात स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई होने के बावजूद उसे सीएचसी सिंधौली पर तैनात कर दिया गया, यह भी गलत है। दोनों ही मामलों में आरोपियों की तत्काल प्रभाव से तैनाती स्थलों से हटाए जाने की मांग की गई।
इसके साथ ही सुखदेव सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी ग्राम आदमपुर को घरेलू सप्लाई दिए जाने, सिंधौली मार्ग पर खन्नौत नदी का पुल बनवाए जाने, निराश्रित गोवंश की गोशालाओं में व्यवस्था कराने, किसान सोसायटी से खाद, बीज, दवाई आदि खरीदने वालों को बीमा क्लेम उपलब्ध करवाने, यूरिया लेते समय जबरदस्ती दवाई दिए जाने पर रोक लगाए जाने तथा कृषि विरोधी तीनों काले कानून को समाप्त किए जाने की मांग की गई। प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में मंडल प्रभारी प्रकाश बाबू, जिलाध्यक्ष नरेंद्र यादव, जिला प्रवक्ता शकील मंसूरी, जिला सचिव हरीराम वर्मा आदि शामिल रहे।
कार्यकर्ताओं के पेड़ पर चढ़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस
भाकियू राष्ट्रीयतावादी के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और ज्ञापन को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर पहले ही पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया था, जिससे जाम न लगाया जा सके। इधर गेस्ट हाउस के पीछे जामुन के पेड़ पर किसानों के चढ़ने की किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर सीओ सिटी व इंस्पेक्टर सदर मौके पर पहुंच गए। जब बच्चों के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ने की जानकारी हुई तो सभी ने राहत की सांस ली।