शाहजहांपुर। मंगलवार सुबह अंटा चौराहा के पास एक कांग्रेस कार्यकर्ता पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगा। बढ़ती महंगाई, बेतहाशा बिजली बिल और कब्रिस्तान में प्रकाश व्यवस्था की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक युवक टंकी पर चढ़ा रहा। आसपास काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। करीब तीन घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर युवक टंकी से नीचे उतरा। एसपी सिटी संजय कुमार ने घटना का संज्ञान लेकर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बंगश निवासी आमिर पठान कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे आमिर अपनी मांगों को लेकर मोहल्ला अंटा स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। जहां से वह चीख चीखकर अपनी मांगे मनवाने के लिए नारेबाजी करने लगा। टंकी के ऊपर से आवाज आने पर आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। उसके बाद आमिर को कई घंटे तक उतराने के लिए मान मनौव्वल का दौर चलता रहा। लेकिन आमिर ने अपनी मांगे पूरी होने तक टंकी से उतरने से इनकार कर दिया। आमिर की मांग थी कि लॉकडाउन के दौरान जिन गरीबों के बिजली के बिल जमा नहीं हुए, सरकार उन्हें माफ करें। गरीबों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। संविदा पर तैनात सफाईकर्मियों का पीएफ काटा जाए। रिफाइंड और सरसों के तेल की कीमतें कम की जाएं। मोहल्ला बंगश में जलापूर्ति और मोहल्ला बरकजई स्थित कब्रिस्तान में बिजली की व्यवस्था कराई जाए। करीब तीन घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने मौके पर जाकर आमिर को टंकी से नीचे उतरने के लिए मनाया।
पहले भी पानी की टंकी पर चढ़ चुका है आमिर
इससे पहले भी अमिर पठान बेरोजगारी के विरोध में राजघाट चौकी के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया था। वहां भी अमिर ने टंकी के ऊपर से अपनी मांगों से लिखे ज्ञापन नीचे फेंके थे। उस समय एसडीएम के आश्वासन पर आमिर टंकी से नीचे उतरा था। तब आमिर खुद को आग लगाने के लिए पेट्रोल से भरी बोतल भी लेकर चढ़ा था। लोगों ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए सबसे आसान तरीका पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करना ढूंढ लिया है। पुलिस प्रशासन भी ऐसे लोगों को रोकने में नाकामयाब रहा है। बेहद आसानी से लोग अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ जाते हैं। उसके बाद पुलिस प्रशासन को पानी की टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारियों को मनाने के अलावा कोई तरीका नहीं होता है। इससे पहले जब आमिर टंकी पर चढ़ा था, उस समय भी उसके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। यही कारण है कि उसने फिर अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए वही रास्ता चुना और पानी की टंकी पर चढ़ गया।
पानी की टंकी पर युवक चढ़ा था। उसकी मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बाद युवक टंकी से नीचे उतर आया है। उसकी मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। - राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट
जानकारी मिली है कि इससे पहले भी युवक पानी की टंकी पर चढ़ा था। युवक ने आज फिर टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया है। युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। - संजय कुमार, एसपी सिटी
पानी की टंकी से नीचे उतरता कांग्रेस अल्पसंख्यक महानगर अध्यक्ष आमिर पठान । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर में विभिन्न समस्याओं को लेकर अंटा स्थित पानी की टंकी पर चढ़ा कांग्रेस अल्पसंख्यक महा- फोटो : SHAHJAHANPUR