पुवायां। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विद्या भारती विद्यालयों पर टिप्पणी करने से नाराज विद्या भारती के पदाधिकारियों और छात्रों ने पुवायां में जुलूस निकालकर राजीव चौक पर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला छीनकर गाड़ी में रख लिया। कुछ देर बाद छात्रों ने पुलिस के वाहन से पुतला निकाल लिया और आग के हवाले कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि अगर राहुल गांधी ने तीन दिन में माफी नहीं मांगी तो उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
विद्या भारती ब्रज प्रदेश के प्रांतीय योग प्रमुख कमल प्रकाश द्विवेदी के साथ तमाम छात्र सोमवार दोपहर नारेबाजी करते हुए राजीव चौक पर पहुंचे। छात्रों ने राहुल गांधी का पुतला जलाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने छात्रों से पुतले को छीनकर अपनी गाड़ी में रखवा दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला छीने जाने का विरोध करना शुरू कर दिया। इस बीच छात्रों ने पुतले को फिर से कब्जे में लेकर दहन कर दिया।
जानकारी पाकर एसडीएम सतीश चंद्रा मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रांतीय योग प्रमुख की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि राहुल गांधी की विद्या भारती के स्कूलों के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। विद्या भारती से पढ़कर तमाम लोग देश का नाम रोशन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने तीन दिन में माफी नहीं मांगी तो विद्या भारती के समस्त स्कूल विरोध करने पर बाध्य होंगे। इस मौके पर कुलदीप, राकेश मिश्रा, विपिन शुक्ला, राजीव सिंह, शशि अग्निहोत्री, सोमदेव मिश्रा, आदित्य सिंह, विपिन मिश्रा आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने प्रदर्शन की वीडियो बनाई
नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन करने पहुंचे विद्या भारती के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्रों की पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई है। पुलिस को अंदाजा नहीं था कि प्रदर्शनकारी राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे। जिस पर पुलिस ने पुतले को छीनकर कब्जे में लिया लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के कब्जे से पुतला छीनकर आग के हवाले कर दिया।
विद्या भारती और छात्रों की ओर से प्रदर्शन किया गया था। मैं ज्ञापन लेकर चला आया था। पुतला दहन किए जाने की जानकारी नहीं है। - सतीश चंद्रा, एसडीएम, पुवायां