फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: वकील के भाई के हत्यारोपी गिरफ्तार न होने पर धरना-प्रदर्शन, लगाया जाम

विज्ञापन
एसपी ऑफिस के सामने रोड जाम कर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। वकील के भाई की हत्या के ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ता भड़क उठे। उन्होंने कलक्ट्रेट व एसपी कार्यालय के बीच सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। अधिवक्ताओं की मान-मनौव्वल करने के लिए कई बार इंस्पेक्टर सदर पहुंचे, लेकिन वकीलों ने उनकी बात मानने से इन्कार कर दिया। वकील करीब डेढ़ घंटे धरने पर बैठे रहे।
विज्ञापन

सेंट्रल बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता अवनीश कुमार सिंह के भाई सुधीर कुमार सिंह की 30 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गांव के ही बबलू, शिव शंकर और ओमपाल ने हत्या कर दी थी। मामले में थाना खुदागंज में गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अधिवक्ताओं के अनुसार, मामले का स्थानांतरण आठ सितंबर को खुदागंज से थाना सिंधौली कर दिया गया। करीब ढाई माह बीतने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर अधिवक्ता एसपी सौरभ दीक्षित से मिलने पहुंचे। अधिवक्ताओं के मुताबिक, एसपी अपने चैंबर से बाहर नहीं आए और एसपी सिटी देवेंद्र कुमार को भेज दिया।
विज्ञापन

एसपी के वार्ता करने के लिए चैंबर से बाहर नहीं आने पर अधिवक्ता खफा हो उठे और दोपहर 12 बजे धरने पर बैठ गए। इस बीच जोरदार नारेबाजी की गई। वक्ताओं ने कहा कि मामले को लेकर पूर्व में भी तीन बार पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन तब भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस बीच इंस्पेक्टर सदर राजीव सिंह ने वकीलों को मनाने का प्रयास किया। कहा कि वह एसपी से वार्ता करा देंगे, लेकिन वकीलाें ने एसपी के धरनास्थल पर आने की बात कही। इंस्पेक्टर ने संदेश एसपी तक पहुंचाया। दोबारा तय हुआ कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के गेट पर वार्ता करा देंगे। इसके बाद भी वार्ता को लेकर रास्ता नहीं निकल सका।
इस पर वकीलों ने कहा कि दिन में डेढ़ बजे तक धरनास्थल पर नहीं आने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। तय समय के बाद अधिवक्ताओं ने धरना स्वयं ही खत्म कर दिया। इसके बाद कार्यकारिणी की बैठक में तय हुआ कि साेमवार को बार एसोसिएशन की बैठक बुलाई जाएगी। उसमें जो निर्णय होगा, उस पर मंगलवार को अमल में लाया जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव, महामंत्री राजेश अवस्थी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेंद्र कुमार मिश्रा, रामजी अवस्थी आदि मौजूद रहे।

प्रमुख मार्ग पर जाम से यातायात व्यवस्था चरमराई
कचहरी के सामने रास्ता ब्लॉक होने के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुदामा प्रसाद काॅलेज के आगे पुलिस ने बैरियर लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया और वाहनों को दूसरी ओर से गुजारा जाने लगा। इसके चलते बिस्मिल पार्क वाला मार्ग जाम हो गया, साथ ही जीआईसी से होते हुए गुरुनानक पाठशाला वाले मार्ग पर जाम की स्थिति रही। स्कूलों की छुट्टी होने पर वैन और ई-रिक्शे भी फंसे रहे।

शनिवार को अधिवक्ताओं का लखनऊ में बड़ा आंदोलन है। यहां से वकील वहां शामिल होने जाएंगे। सोमवार को बैठक के बाद अगली रणनीति तय की जाएगी।
-राजेश अवस्थी, जिला महासचिव, सेंट्रल बार एसोसिएशन

अधिवक्ताओं की बात सुनने के लिए एसपी सिटी गए थे। संबंधित मुकदमे में जांच और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। अगर पीड़ित पक्ष विवेचना में बदलाव या अन्य कोई मांग करता है तो उस पर विचार कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन




-सौरभ दीक्षित, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें