पुवायां। क्षेत्र में लगे आरएफसी के गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद धीमी गति से चल रही है, वहीं एफसीआई के क्रय केंद्रों पर रोजाना बड़ी मात्रा में खरीद हो रही है। कम खरीद पर सवाल उठने के साथ ही किसान नेता जांच की मांग कर रहे हैं।
पुवायां मंडी परिसर में आरएफसी के दस क्रय केंद्र लगे हैं। एक मोबाइल क्रय केंद्र भी है। 11 अप्रैल तक सभी दस क्रय केंद्रों और एक मोबाइल केंद्र पर 44 किसानों से केवल 3530 क्विंटल गेहूं की खरीदा जा सका है। बंडा मंडी परिसर में लगे आरएफसी के क्रय केंद्रों का हाल तो और भी खराब है। यहां आठ क्रय केंद्र लगे हैं और एक मोबाइल क्रय केंद्र हैं। सभी नौ केंद्रों के माध्यम से 11 अप्रैल तक 24 किसानों से 1760 क्विंटल गेहूं ही खरीदा गया है।
अब एफसीआई के क्रय केंद्रों पर नजर डालें तो पुवायां और बंडा मंडी परिसर में संस्था के सात क्रय केंद्र हैं। 11 अप्रैल तक क्रय केंद्रों पर 166 किसानों से 14 हजार 630 क्विंटल गेहूं की खरीद पोर्टल पर दर्ज है। नेफेड के केंद्रों पर गेहूं खरीद शून्य है। ऐसे में सवाल उठता है कि एफसीआई के क्रय केंद्रों पर बड़ी मात्रा में गेहूं खरीद कैसे हो रही है और आरएफसी के क्रय केंद्रों पर खरीद की रफ्तार धीमी क्यों है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने एफसीआई के क्रय केंद्रों पर ज्यादा खरीद और अन्य संस्थाओं के क्रय केंद्रों पर खरीद कम होने की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि संगठन जल्द ही गेहूं बेचने में किसानों हो रही परेशानी पर बड़ा आंदोलन करेगा।
बंडा में दो क्रय केंद्रों पर खरीद की हालत बेहद खराब
बंडा मंडी परिसर में लगे आरएफसी के क्रय केंद्र संख्या पांच पर 11 अप्रैल तक एक किसान से 50 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है, यहीं के क्रय केंद्र संख्या आठ पर भी एक किसान से 40 क्विंटल गेहूं ही खरीदा गया है। किसान गेहूं बेचने के लिए क्रय केंद्रों पर चक्कर काटते घूम रहे हैं, लेकिन खरीद के आंकड़े बताते हैं कि कुछ भी ठीक नहीं है।
-
गेहूं खरीद के संबंध में संबंधित एजेंसियों के अधिकारी, कर्मचारियों से बात की गई है। बारदाने की समस्या थी। एक से दो दिन में बारदाना मिलने पर खरीद सुचारू होगी।
-चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां