शाहजहांपुर। महर्षि वाल्मीकि की जयंती मंगलवार को श्रद्धा से मनाई गई। इस बीच शोभायात्रा में देव स्वरूपों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
भगवान वाल्मीकि प्रकाशोत्सव एवं शोभायात्रा समिति की शोभायात्रा का शुभारंभ नगर आयुक्त डॉ.बिपिन मिश्रा ने फीता काटकर किया। मोहल्ला वजीरगंज पक्का पुल से शुरू हुई यात्रा केरूगंज, चारखंबा, चौक, भारतद्वाजी, घंटाघर, बहादुरगंज, सदर बाजार चौराहा से लाल इमली चौराहा स्थित वाल्मीकि मंदिर पर पहुंची।
यहां सभा में महर्षि वाल्मीकि की शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया गया। शोभायात्रा में सबसे आगे महर्षि वाल्मीकि का ढोला था। उसके पीछे अन्य झांकियां थीं। रास्ते में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्चना वाल्मीकि के नेतृत्व में अनूप वर्मा, सईद अंसारी, फरीद खान आदि ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा के समापन पर हुई सभा में संयोजक सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि, रमेश कटारिया, आकाश आनंद, डॉ.अनूप गुप्ता, अशोक महाजन, रामकृपाल, उपाध्यक्ष संतोष चौधरी आदि मौजूद रहे।
रोजा में भी निकाली गई शोभायात्रा
रोजा। महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा कमेटी की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रोजा स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर से शोभायात्रा को अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने रवाना किया। बैंड और छह झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में लाेगों ने जयकारे लगाए। शोभायात्रा के समापन पर सुरेंद्र कश्यप ने महर्षि के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। सुजीत कुमार, निखिल उर्फ सोनू आदि मौजूद रहे। संवाद
शिव तांडव सहित कई झांकियों ने लोगों का मन मोहा
पुवायां/खुटार। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर पुवायां और खुटार में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शिव तांडव समेत मनमोहकर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
पुवायां में निगोही रोड पर वाल्मीकि मंदिर में हवन-पूजन के बाद भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद विधायक चेतराम, नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शोभायात्रा को रवाना किया। ढोल नगाड़ों के साथ शोभायात्रा राजीव चौक, राजा मार्केट, तिराहा बाजार, कटरा बाजार से होती हुई मोहल्ला कुरगंजा में बने वाल्मीकि मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल शिव तांडव, लव-कुश आदि की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में संरक्षक रामनाथ वाल्मीकि, अध्यक्ष रामप्रवेश, रामआसरे, आलोक, शिवा, अरुण कुमार, भुवन कुमार शामिल रहे। खुटार में भी वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई। नगर के मोहल्ला कोट में ओमप्रकाश के मकान के पास से शुरू होकर शोभायात्रा मेन रोड, बंडा चौराहा, तिकुनियां होते हुए गोला रोड पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि, घोड़े के साथ लव-कुश, माता सीता, श्रीराम और लक्ष्मणजी की झांकियां आकर्षक का केंद्र रही। वाल्मीकि मंदिर पर पूजा अर्चना के उपरांत भंडारा हुआ। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनुपम शुक्ला, भाजपा नेता प्रवीण मिश्र संटू, चेयरमैन के पति बाबूराम आदि मौजूद रहे। संवाद
देव स्वरूपों की झांकियों ने सबका मन मोहा
कांट। सनातन ग्रंथ रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर मंगलवार को बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। मोहल्ला गढ़ी पूर्वी के वाल्मीकि मंदिर से आरंभ हुई शोभायात्रा में लव-कुश, हनुमान जी, भगवान गणेश, शिव-पार्वती आदि की झांकियाें और देव स्वरूपों में नृत्य करते कलाकारों ने सबका मन मोह लिया। व्यवस्था में मनोज वाल्मीकि, रवि वाल्मीकि, राजकुमार वाल्मीकि का सहयोग रहा। संवाद
काली अखाड़ा के करतब शोभायात्रा में बने मुख्य आकर्षण
अल्हागंज। महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर श्रद्धा और उल्लास के साथ शोभायात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन की देखरेख में निकली शोभायात्रा का विभिन्न मार्गों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान काली अखाड़ा ने अपने अद्भुत करतबों से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अलावा महर्षि वाल्मीकि के जीवन प्रसंग, आदर्श और रामायण के कथानक झांकयों में शामिल रहे। शोभायात्रा में सूरजपाल सिंह, पवन कुमार गुप्ता, रामप्रताप, प्रमोद कुमार,अमित बाजपेयी शामिल रहे। संवाद
रथों पर सवार होकर निकले स्वरूप
बंडा। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंगलवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने आकर्षक झांकियों के साथ धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। रथों पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मणजी और मां सीता की झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा बिलसंडा, पुवायां, खुटार, पूरनपुर आदि मार्गों पर भ्रमण करने के बाद पुवायां मार्ग पर समाप्त हुई। व्यवस्था में विनोद कुमार, परशुराम, राम लखन, सत्येंद्र, रामजीत, धर्मपाल आदि का सहयोग रहा। संवाद
शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत
तिलहर। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर भव्य शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मोहल्ला इमली स्थित बाबा धारण दास समाधि स्थल के समीप वाल्मीकि मंदिर से यात्रा प्रारंभ हुई। भाजपा नेता संजय गुप्ता और सभासद कुमार गौरव ने पूजा-अर्चना की। विभिन्न मार्गों से यात्रा गुजरी। गोरक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कश्यप ने साथियों संग पुष्पवर्षा की। झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। व्यवस्था में ओम प्रकाश विलियम, पंकज भारती, संजय बाल्मीकि आदि शामिल रहे। संवाद
उत्साह और उमंग से मनाई गई वाल्मीकि जयंती
शाहजहांपुर। महर्षि वाल्मीकि जयंती व रामायण पाठ का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव ने हनुमतधाम पर रामायण पाठ कराया। वाल्मीकि मंदिर भारद्वाजी, वाल्मीकि मंदिर शहीद उद्यान में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रामचरितमानस का अखंड पाठ किया गया। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद
पुवायां में निकाली गई शोभायात्रा में शिव तांडव करते कलाकार। संवाद