तिलहर। प्राचीन उदासीन आश्रम में चल रहे देवी-देवताओं की मूर्तियों के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को देव मूर्तियों की शोभायात्रा श्रद्धा के साथ उल्लासपूर्ण माहौल में निकाली गई। रथों पर सुसज्जित देवी-देवताओें की मूर्तियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। तमाम श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वजाएं लेकर जयघोष करते हुए चले।
मोहल्ला मुस्तफाबाद के उदासीन आश्रम में महंत सुरेश मुनि महाराज के नेतृत्व में संजीव कुमार गुप्ता और प्रदीप कुमार गुप्ता के सहयोग से शनिवार से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। मुख्य आचार्य पं. अयोध्या प्रसाद शास्त्री की अगुवाई में उदासीन आश्रम से प्रारंभ हुई शोभायात्रा मुस्तफाबाद, खलील कटरा, चौहटिया, हिंदू पट्टी, कच्चा कटरा, अस्पताल रोड और भक्सी तिराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर देर शाम आश्रम पहुंची।
आयोजन समिति के सदस्य संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन होगा। शोभायात्रा में सौरभ गुप्ता, रवि गुप्ता, प्रदीप कुमार गुप्ता, सोनू खन्ना, अरविंद गुप्ता, साहू मनोज गुप्ता, सभासद गंगासहाय आदि शामिल रहे। संवाद