शाहजहांपुर। शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) में ऑनलाइन नक्शा पास कराने के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। अब तक मकान का नक्शा पास कराने के लिए दो आवेदन आए हैं। इसमें एक का सत्यापन करने के बाद जेई ने रिपोर्ट सौंप दी है। दूसरे की जांच चल रही है।
शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण का गठन फरवरी में हुआ था।। इसके बाद मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में बरेली में हुई बोर्ड की पहली बैठक में प्राधिकरण के कार्यों की रणनीति तय की गई। न्यू ककरा सिटी में नगर निगम के गेस्ट हाउस में प्राधिकरण का अस्थायी कार्यालय बनाया गया, लेकिन औपचारिक तौर पर अभी इसकी शुरुआत नहीं हो पाई।
इधर, शासन की ओर से एसडीए का पोर्टल बंद चल रहा था। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में इसने काम करना शुरू कर दिया। प्राधिकरण क्षेत्र से अब तक दो ऑनलाइन आवेदन आए हैं। इसमें आठ अगस्त को आए आवेदन की जांच तीन दिन में पूरी करके जेई ने प्राधिकरण कार्यालय में सौंप दी है। दूसरा आवेदन 11 अगस्त को आया था। जिसका विभाग के जेई सत्यापन कर रहे हैं। कुल मिलाकर भवनों का नक्शा पास होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
-
नौ आर्किटेक्ट और इंजीनियर का हुआ पंजीकरण
एसडीए में ऑनलाइन आवेदन विभाग की ओर से नौ आर्किटेक्ट और इंजीनियर पंजीकृत किए गए हैं। इनके माध्यम से ही लोग अपना आवेदन करा सकते हैं। निजी और व्यावसायिक भवन के नक्शे इनके माध्यम से ही पंजीकृत किए जाएंगे। आवासीय भवन के लिए जमीन के दस्तावेज, आवेदनकर्ता की आईडी जरूरी है, जबकि व्यावसायिक भवन के लिए व्यापारी का निवेश मित्र पोर्टल में पंजीकरण होना जरूरी है। आर्किटेक्ट और इंजीनियर के माध्यम से आवेदन होगा। आवेदन के 15 दिन में रिपोर्ट आना अनिवार्य है।
विभाग के इंजीनियरों ने अवैध निर्माण की शुरू की जांच
विभाग के इंजीनियरों ने अवैध निर्माणों की जांच शुरू कर दी है। इसमें अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियां और अन्य निर्माण शामिल हैं। संबंधित लोगों के नक्शों की जांच की जा रही है। नक्शा नहीं होने पर निर्माण कार्य नहीं कराया जा सकता है। आवासीय और व्यावसायिक भवनों का नक्शा कराने का शुल्क प्रति वर्ग मीटर 628 रुपये है। इसमें परीक्षण व अन्य शुल्क मिलाकर प्रतिवर्ग मीटर करीब 800 रुपये से अधिक है। प्राधिकरण क्षेत्र में अब बिना नक्शा पास कराए भवन का निर्माण नहीं कराया जा सकता है।
विकास प्राधिकरण में नक्शा पास कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक दो आवेदन आए हैं। इनकी जांच शुरू हो गई है। प्राधिकरण के कर्मचारियों ने कार्य करना शुरू कर दिया है।
- प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट व सचिव एसडीए